कानूनी कार्रवाई होते ही सड़कों पर उतर जाते हैं लोग- उपराष्ट्रपति धनखड़

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विपक्ष को इशारो ही इशारो में कई मुद्दे पर घेरा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि एक "विशेषाधिकार प्राप्त विरासत के लोग" उसी कानून के शासन का विरोध कर रहे हैं, जो उन्हें जवाबदेह बनाता है। धनखड़ ने बिना नाम लिए आप समेत तमाम विपक्षी दलों को घेरा और उन लोगों की आलोचना भी की जो अपने खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू होते ही सड़कों पर उतर जाते हैं। धनखड़ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में एक परिवर्तनकारी बदलाव देखा गया है, जिसके तहत कानून के समानता की अवधारणा मजबूत हुई है।


उन्होंने अपने आधिकारिक आवास पर एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "हर कोई कानून के प्रति जवाबदेह है। एक समय था जब कुछ लोग सोचते थे कि वे कानून की पहुंच से परे हैं।" धनखड़ के हाल ही में नॉर्थ ब्लॉक के पास नवनिर्मित 'उपराष्ट्रपति एन्क्लेव' में चले जाने के बाद यह पहला कार्यक्रम था। उपराष्ट्रपति ने कहा कि कानून के सामने सभी के समान होने की अवधारणा का सीधा परिणाम यह हुआ है कि असमानताएं "अंतर्विष्ट" हो गई हैं।

Previous Post Next Post