भदभदा डैम के चार गेट खोले, केरवा और कलियासोत के गेट भी खुले

 भदभदा डैम के चार गेट खोले, केरवा और कलियासोत के गेट भी खुले

भोपाल। शहर में गुरुवार रात से रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश की वजह से शहर के सभी जलाशय पानी से लबालब हो गए हैं। इसके चलते शुक्रवार सुबह सबसे पहले 9.15 बजे भदभदा डैम का पहला गेट खोला गया। इसके तुरंत बाद 9.30 बजे भदभदा डैम का दूसरा गेट खोल गया। इसके आधे घंटे बाद डैम का तीसरा गेट खोला गया। कुछ देर बाद चौथा गेट खोला गया। इस दौरान महापौर मालती राय भी वहां मौजूद रहीं।


 भदभदा डैम से छोड़ा जाने वाला पानी सीधे कलियासोत डैम में जाता है। इसके मद्देनजर कलियासोत डैम के पांच गेट भी खोले गए। गेट खुलने से पहले देर रात को ही नगर निगम ने प्रभावित इलाकों में डैम के गेट खोले जाने की मुनादी करके लोगों को आगाह कर दिया। वहीं कोलार डैम के भी दो गेट खोले गए हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल में पिछले चौबीस घंटों के दौरान शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 85.2 मिमी (3.4 इंच) बारिश दर्ज की गई।

बड़े तालाब का फुल टैंक लेबल 1666.80 फीट है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे बड़ा तालाब का लेबल इस स्तर से कुछ सेमी ही नीचे था। इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने पहले ही भदभदा गेट खोलने की तैयारी कर ली थी। नगर निगम प्रशासन ऐहतियात बरतते हुए पानी के 1666.58 फीट पहुंचते ही गेट खोल देता है।

Previous Post Next Post