टीकमगढ़ में गल्ला व्यापारी के घर 15 लाख की चोरी

 टीकमगढ़ में गल्ला व्यापारी के घर 15 लाख की चोरी
पलेरा में जतारा मार्ग स्थित वार्ड क्रमांक 15 में अज्ञात चोरों ने गल्ला व्यापारी के सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाह और एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम पुलिस बल और डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।




परिवार गांव गया था, चोरों ने साधा निशाना
जानकारी के अनुसार जतारा-पलेरा मार्ग निवासी गल्ला व्यापारी सुरेश कुमार गुप्ता शनिवार को अपने परिवार के साथ पैतृक गांव पहाड़ी बुजुर्ग में वेदी हवन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर सूना पाकर शनिवार रात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।

अलमारी खंगालकर ले गए लाखों का सामान
चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर गोदरेज की अलमारियों को खंगाला। व्यापारी के अनुसार चोर सोने की चार चूड़ियां, दो कंगन, एक हार, एक बाजूबंद, चार अंगूठियां, एक जंजीर और करीब 250 ग्राम चांदी के जेवरात के साथ बैग में रखे 7.70 लाख रुपये नकद ले गए। रविवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए डाग स्क्वायड की टीम ने आसपास और नजदीकी खेतों में सर्चिंग की। थाना प्रभारी एसआइ एनडी कौंदर ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाह ने जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में बढ़ीं चोरी की वारदातें
पलेरा और टीकमगढ़ जिले में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। सिविल लाइन क्षेत्र में बजाज एजेंसी से 1.50 लाख रुपये की चोरी और लिधौरा के ग्राम खरों में भी चोरी की वारदात सामने आ चुकी है। पलेरा में 24 फरवरी को नौगांव मार्ग पर हुई चोरी का मामला भी अब तक अनसुलझा है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।

Previous Post Next Post