40 वर्ष बाद MANIT 1986 बैच का गौरवपूर्ण पुनर्मिलन भोपाल में जीवंत हुईं यादें

 40 वर्ष बाद MANIT 1986 बैच का गौरवपूर्ण पुनर्मिलन भोपाल में जीवंत हुईं यादें
मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT), भोपाल के वर्ष 1986 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का 40 वर्ष बाद आयोजित भव्य पुनर्मिलन (Reunion) कार्यक्रम 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 तक भोपाल में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। चार दशक बाद हुए इस मिलन समारोह ने न केवल पुराने साथियों को पुनः एक मंच पर लाया, बल्कि छात्र जीवन की स्मृतियों, संघर्षों और उपलब्धियों को भी फिर से जीवंत कर दिया।



इस विशेष अवसर पर मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक   कैलाश मकवाणा अपने सहपाठियों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे और लंबे अंतराल के बाद हुए इस मिलन को भावनात्मक एवं प्रेरणादायी अनुभव बताया। कार्यक्रम में गुजरात कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी   कमल दयानी सहित देश एवं विदेश में प्रशासन, उद्योग, तकनीक, शिक्षा, प्रबंधन तथा निजी क्षेत्र में उच्च पदों पर कार्यरत अनेक प्रतिष्ठित पूर्व छात्र शामिल हुए।

रीयूनियन में भोपाल सहित देश के विभिन्न राज्यों के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, हांगकांग एवं अन्य देशों से आए एलुमनाई ने सहभागिता कर आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। लगभग 40 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिल रहे मित्रों के बीच आत्मीयता, उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव का विशेष वातावरण देखने को मिला।

दो दिवसीय आयोजन : संवाद, स्मृतियाँ और उत्सव का संगम

दो दिनों तक चले इस पुनर्मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस ऑफिसर्स मेस भोपाल, मोटल शिराज एवं सफल रिट्रीट में विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम में स्वागत सत्र, परिचय एवं अनुभव साझा संवाद, समूह चर्चा, सांस्कृतिक संध्या और अनौपचारिक संवाद जैसे आयोजन शामिल रहे, जहाँ प्रतिभागियों ने अपने व्यावसायिक जीवन की यात्राओं, उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया।

भोपाल के प्रसिद्ध बोट क्लब पर आयोजित शिकारा राइड प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में साइक्लिंग एवं मॉर्निंग वॉक के दौरान सभी ने प्रकृति के बीच मित्रता के पुराने रिश्तों को फिर से महसूस किया।

कैंपस और हॉस्टल विज़िट ने लौटाए सुनहरे दिन

पूर्व छात्रों ने MANIT परिसर का भ्रमण कर अपने विभागों, कक्षाओं और हॉस्टलों का दौरा किया। कई प्रतिभागी दशकों बाद अपने पुराने कमरों और हॉस्टल गलियारों में पहुँचे, जहाँ छात्र जीवन की स्मृतियाँ स्वतः ही ताज़ा हो उठीं।

इस अवसर पर संस्थान परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं संस्थान के प्रति स्थायी जुड़ाव का प्रतीक बना।

मनोरंजन, सहभागिता और सांस्कृतिक रंग

रीयूनियन को यादगार बनाने के लिए आरजे अनादि द्वारा फन गेम्स एवं इंटरैक्टिव गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें सभी पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक संध्या में लाइव बैंड प्रस्तुति ने माहौल को जीवंत बना दिया और पुराने दौर के गीतों ने सभी को छात्र जीवन के स्वर्णिम समय में पहुँचा दिया।

मित्रता, मूल्यों और संस्थान से जुड़ाव का प्रतीक

प्रतिभागियों ने कहा कि MANIT ने उन्हें केवल तकनीकी शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि जीवन मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और आजीवन मित्रता का मजबूत आधार भी प्रदान किया। चार दशक बाद आयोजित यह पुनर्मिलन कार्यक्रम मजबूत एलुमनाई नेटवर्क, संस्थान के प्रति गहरे भावनात्मक संबंध और समय से परे मित्रता के बंधन का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

यह आयोजन इस बात का प्रमाण बना कि वर्षों की दूरी के बावजूद शिक्षा संस्थान से जुड़ी स्मृतियाँ और मित्रता का संबंध सदैव जीवित रहता है तथा नई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।


Previous Post Next Post