श्रेयस अय्यर की कप्तानी के मुरीद हुए कुंबले, बोले- दो टीमों को फाइनल में ले जाना मामूली बात नहीं

 श्रेयस अय्यर की कप्तानी के मुरीद हुए कुंबले, बोले- दो टीमों को फाइनल में ले जाना मामूली बात नहीं
आईपीएल 2026 का रोमांच शुरू होने वाला है और इससे पहले टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने एक ऐसी बात कही है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। कुंबले का मानना है कि श्रेयस अय्यर एक अंडररेटेड कप्तान हैं, यानी उन्हें उतनी तारीफ नहीं मिलती जितके वे हकदार हैं।




क्यों कुंबले ने की श्रेयस की तारीफ?
अनिल कुंबले श्रेयस अय्यर की कप्तानी के कायल हो गए हैं। जियोस्टार पर बातचीत के दौरान कुंबले ने कहा कि श्रेयस अय्यर पक्का एक अंडररेटेड कप्तान हैं। एक टीम के साथ ट्रॉफी जीतना और फिर दूसरी टीम में जाकर वैसा ही जादू दिखाना आसान नहीं होता। हर फ्रेंचाइजी का माहौल और मैनेजमेंट अलग होता है, प्रेशर अलग होता है। कुंबले इस बात से बहुत इम्प्रेस हैं कि श्रेयस ने कैसे 2024 में KKR को चैंपियन बनाया और फिर अगले ही साल पंजाब किंग्स (PBKS) को फाइनल तक ले गए, जबकि पंजाब की टीम पिछले 10 सालों से फाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी।

शानदार रिकॉर्ड के बावजूद उठते हैं सवाल
कुंबले ने आगे कहा कि श्रेयस ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें बार-बार खुद को साबित करना पड़ता है। अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी उन पर सवाल उठाए जाते हैं। लेकिन सच तो ये है कि वह एक बेहतरीन लीडर हैं और टीम को आगे बढ़कर लीड करते हैं।

श्रेयस अय्यर का पंजाब में धमाकेदार डेब्यू
बता दें कि पिछले साल KKR से अलग होने के बाद पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर पर 26.75 करोड़ रुपये का बड़ा दांव खेला और टीम की कमान उनके हाथों में सौंपी। श्रेयस ने भी अपने खेल से सबको गदगद कर दिया। उन्होंने 18वें सीजन में 175 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट और 50 की औसत से शानदार 604 रन बनाए। उन्हीं की लीडरशिप का नतीजा था कि पंजाब की टीम फाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब रही, हालांकि फाइनल में टीम को RCB के हाथों हार झेलनी पड़ी।

Previous Post Next Post