अयोध्या में हाईटेक सुरक्षा: QR कोड वाला डिजिटल पास ही दिलाएगा राम मंदिर में प्रवेश, राष्ट्रपति की मौजूदगी में होगा पूजन
रामनगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर में 19 मार्च को होने वाले भव्य समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए इस बार क्यूआर कोड से लैस विशेष आमंत्रण पत्र जारी किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मेहमानों को प्रवेश से पहले क्यूआर कोड स्कैन कराना अनिवार्य होगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार आमंत्रण पत्र पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद ही अतिथियों को मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आमंत्रित अतिथियों की पहचान भी आसानी से हो सकेगी। बताया गया है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी मेहमानों को सुबह 10 बजे तक मंदिर परिसर में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले मेहमानों को सुरक्षा कारणों से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा
19 मार्च को होने वाले इस विशेष समारोह में देश भर से संत-महंत, विशिष्ट अतिथि और कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, ताकि समारोह सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
मेहमानों के लिए बुक किए गए 1500 से अधिक कमरे
राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से मेहमानों के लिए अयोध्या धाम में 1500 से अधिक कमरे बुक कराए गए हैं। ज्यादातर कमरे होम स्टे व गेस्ट हाउस में बुक कराए गए हैं। राम मंदिर के आसपास स्थित होम स्टे को प्राथमिकता दी गई है। आलम यह है कि मंदिर के आसपास स्थित लगभग सभी होम स्टे व गेस्ट हाउस 18 व 19 मार्च के लिए फुल हो गए हैं। इसके अलावा कारसेवकपुरम, रामसेवकपुरम और तीर्थ क्षेत्र पुरम में भी संघ व विहिप के कार्यकर्ताओं व मेहमानों के रुकने की व्यवस्था की गई है।

