नरोत्तम मिश्रा को हराने वाले राजेंद्र भारती की विधायकी खत्म, दतिया सीट रिक्त

 नरोत्तम मिश्रा को हराने वाले राजेंद्र भारती की विधायकी खत्म, दतिया सीट रिक्त
मध्यप्रदेश से कांग्रेस के विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दोषसिद्धि के बाद राज्य विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अब माना जा रहा है कि इस सीट पर उपचुनाव का ऐलान हो सकता है.




अधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे पर बृहस्पतिवार रात विचार-विमर्श के बाद विधानसभा सचिवालय ने दतिया सीट से भारती की सदस्यता समाप्त करने की अधिसूचना जारी कर दी.

भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में पूर्व गृह मंत्री एवं BJP नेता नरोत्तम मिश्रा को हराया था. अधिसूचना में दिल्ली की एक अदालत द्वारा भारती को तीन साल के कारावास की सजा सुनाए जाने का उल्लेख करते हुए दतिया सीट को रिक्त घोषित किया गया है.

एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया
यह अधिसूचना विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने दो अप्रैल की रात जारी की, जिसे शुक्रवार सुबह मीडिया को उपलब्ध कराया गया. दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को भारती और बैंक के एक पूर्व कर्मचारी को 1998 से 2011 के बीच बैंक रिकॉर्ड में हेराफेरी कर अवैध ब्याज भुगतान हासिल करने से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में तीन साल के कारावास की सजा सुनाई थी.

MP में घटेगी कांग्रेस विधायकों की संख्या? कोर्ट के फैसले के बाद दतिया MLA पर लटकी तलवार

विशेष न्यायाधीश दिग विनय सिंह ने भारती और पूर्व कैशियर रघुवीर शरण प्रजापति पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया.

दोनों को आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, मूल्यवान प्रतिभूति की जालसाजी, धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी और जाली दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल करने के आरोपों में दोषी ठहराया गया है.

Previous Post Next Post