इजरायल-लेबनान में 45 दिन के युद्धविराम पर सहमति

 इजरायल-लेबनान में 45 दिन के युद्धविराम पर सहमति
 मिडिल ईस्ट से बड़ी खबर सामने आई है। इजरायल और लेबनान ने जारी तनाव के बीच अगले 45 दिनों तक युद्धविराम बढ़ाने पर सहमति जताई है। अमेरिका के विदेश विभाग ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच वॉशिंगटन में हुई वार्ता बेहद सकारात्मक और उपयोगी रही है।




अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि राजनीतिक स्तर की बातचीत 2 और 3 जून को फिर होगी, जबकि 29 मई को पेंटागन में 'सिक्योरिटी ट्रैक' वार्ता शुरू की जाएगी। इसमें इजरायल और लेबनान के अधिकारी शामिल होंगे।

अमेरिका ने जताई स्थायी शांति की उम्मीद
टॉमी पिगॉट ने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि ये वार्ताएं दोनों देशों के बीच स्थायी शांति, एक-दूसरे की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान तथा साझा सीमा पर वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में मदद करेंगी।

युद्धविराम के बावजूद जारी हैं हमले
हालांकि युद्धविराम बढ़ाने पर सहमति के बावजूद सीमा पर तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। लेबनान के सरकारी मीडिया के अनुसार शुक्रवार को दक्षिण लेबनान में इजरायली हमलों में सात लोगों की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 2 मार्च से अब तक इजरायली हमलों में कुल 2,951 लोगों की जान जा चुकी है।

Previous Post Next Post