जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसा: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन

 जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसा: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन
जबलपुर के बरगी डैम क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। गुरुवार को हुए इस हादसे के बाद अब तक 28 लोगों को बचा लिया गया है। 9 के शव बरामद किए जा चुके हैं तो वहीं अभी भी 4 लोग लापता हैं। लगातार रेस्क्यू व सर्च ऑपरेशन जारी है। इस हादसे पर जांच के आदेश देने के बाद अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने कुछ कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है।




बरगी डैम हादसे में लापरवाही के लिए दोषियों पर कार्रवाई
सीएम डॉ. यादव ने खुद जानकारी देते हुए बताया कि जबलपुर बरगी डैम में हुए दुखद हादसे में लापरवाही के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर इंचार्ज (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं।

इसके अलावा होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को ड्यूटी में लापरवाही के लिए सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा ​​को हेडक्वार्टर अटैच कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। सीएम ने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ितों के प्रति संवेदना जताते हुए, सरकार हर मुमकिन मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।

हादसे की जांच के लिए बनाई हाई-लेवल जांच कमेटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर के बरगी जलाशय में हुए हादसे की जांच के लिए एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाई गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्रूज ऑपरेशन से जुड़े SOPs तैयार किए जाएंगे। इसके साथ डॉ. यादव ने घोषणा की है कि रेस्क्यू टीम के सभी बहादुर सदस्यों को सार्वजनिक सम्मानित किया जाएगा। एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ और सेना के डाइवर्स ने कई कीमती जानें बचाई हैं।

इसके अलावा सीएम डॉ. यादव शुक्रवार को जबलपुर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस हादसे में रिश्तेदारों ने अपनों को खो दिया है, और उस नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती। राज्य सरकार इस असहनीय दुख में उनके साथ खड़ी है। मेरी संवेदनाएं दुखी परिवारों के साथ हैं। इस मुश्किल समय में, प्रभावित परिवारों को अकेला महसूस नहीं करना चाहिए।

Previous Post Next Post