अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए CM योगी बोले- राजनीति में नैतिकता और राष्ट्रसेवा की मिसाल थे

 पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने लोकभवन स्थित अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों में योगदान को याद किया।




सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का जीवंत उदाहरण रहा। उन्होंने अपने ओजस्वी चिंतन, मर्यादित आचरण और कर्मनिष्ठ जीवन के जरिए भारतीय लोकतंत्र में शुचिता, राजनीति में नैतिकता और राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व जितना सहज और सरल था, उनके संकल्प और इरादे उतने ही अटल थे। भारतीय राजनीति में उनका छह दशक लंबा सार्वजनिक जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी स्मरण किया कि अटल बिहारी वाजपेयी ने 1957 में उत्तर प्रदेश की बलरामपुर संसदीय सीट से पहली बार संसद में प्रवेश किया था और बाद में लखनऊ का पांच बार प्रतिनिधित्व किया। नेता प्रतिपक्ष और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के लिए प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के प्रति अटल जी का अटूट संकल्प आज भी देशवासियों को विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है। उनके विचार, आदर्श और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Previous Post Next Post