साल के पहले गुरु पुष्य का संयोग गुरुवार को , बाजारों में रौनक के साथ खरीदारी



भोपाल। खरीदारी के लिए विशेष शुभ और फलदायी माने जाने वाले गुरु पुष्य नक्षत्र का संयोग 25 जनवरी गुरुवार को पड़ने जा रहा है। यह इस साल का पहला गुरु पुष्य योग रहेगा, जो पूरे दिन विद्यमान रहने वाला है। यह योग खरीदारी के लिए काफी उत्तम माना जाता है। गुरु पुष्य के साथ-साथ इस दिन अमृत सिद्धि और सर्वार्थ सिद्धि योग भी रहेगा। इस लिहाज से इस दिन भूमि, भवन, वाहन सहित सभी प्रकार की खरीदारी करना विशेष फलदायी रहने वाला है। ऐसे में इस दिन बाजारों में खरीदारी की रौनक रहने वाली है, साथ ही कारोबारियों ने भी इसके लिए खास तैयारियां कर ली हैं।

25 को पूरा दिन खरीदारी के लिए शुभ

पुष्य नक्षत्र 25 जनवरी गुरुवार को सुबह 07.49 बजे प्रारंभ होगा, जो अगले दिन तक रहने वाला है। इस लिहाज से 25 जनवरी को पूरा दिन खरीदारी के लिए शुभ रहेगा। ज्योतिषाचार्यों की मानें तो नक्षत्रों में श्रेष्ठ पुष्य नक्षत्र में किए गए शुभ कार्य और खरीदारी विशेष फलदायी होती है। सभी प्रकार की खरीदारी इस नक्षत्र में करना अत्यंत लाभकारी होगा। खरीदारी और शुभ कार्यों के लिए लोग पुष्य नक्षत्र का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
Previous Post Next Post