भारतीय वायु सेना (IAF) ने दक्षिणी वायु कमान से जुड़े कर्मियों और एक रेस्तरां के कर्मचारियों के बीच हुए झगड़े की जांच शुरू कर दी है। वायु सेना ने अपने एक बयान में कहा है कि 15 मई को IAF कर्मियों के साथ हुए विवाद की खबरें चल रही हैं। कमान ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। हम तथ्यों का पता लगा रहे हैं। होटल प्रबंधन की ओर से दक्षिणी वायु कमान के चार अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने के एक दिन बाद यह जांच शुरू हुई है।
होटल के एक अधिकारी ने कहा कि वायुसेना के अधिकारियों ने उनके स्टाफ के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया है। होटल स्टाफ के मुताबिक बुधवार रात को टेबल खाली नहीं होने पर जब हमने भारतीय वायु सेना अधिकारियों को इंतजार के लिए कहा, तो वह भड़क गए। होटल प्रबंधन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने चार IAF अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वायु सेना के अधिकारियों द्वारा रेस्तरां कर्मचारियों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने एक और केस दर्ज किया।

