केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण मंहगाई व बेरोजगारी बढ़ी है : प्रियंका गांधी

 शाहपुर : मंगलवार, मई 28, 2024/ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के


कारण मंहगाई व बेरोजगारी बढ़ी है। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चम्बा के चौगान मैदान और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चम्बी में चुनावी जनसभाओं में उन्होंने कहा कि आज जनता महंगाई से जूझ रही है और किसान परेशान है और देशभर में बेरोज़गारी का आंकड़ा निरंतर बढ़ रहा है। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में 55 वर्षों तक सत्ता में रही है और आज तक देश की अमीर पार्टी नहीं बन पाई है जबकि भाजपा मात्र 10 वर्षों में ही देश की सबसे अमीर पार्टी बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार ने केवल अपने खरबपति मित्रों को ही खुश करने के लिए नीतियां बनाई हैं। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार तमाम मुश्किलों के बावजूद ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा करने के लिए दिन रात काम कर रही है और सभी गारंटियों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आई आपदा के दौरान राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से कटौती कर प्रभावित परिवारों की मदद की है। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जनता से किए गए सभी वायदों को पूरा किया जाएगा।


Previous Post Next Post