सूरत में बहुमंजिला इमारत ढही, 7 लोगों की गई जान

 

गुजरात के सूरत में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सूरत के सचिन इलाके में एक 6 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। इस बहुमंजिला बिल्डिंग के मलबे में कई लोग दब गए। घटनास्थल पर पहुंची फायर और पुलिस टीम ने रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस बीच सूरत के चीफ फायर अधिकारी बसंत पारीक ने कहा कि रात भर चले तलाशी अभियान में 7 शव बरामद किए गए हैं। वहीं पुलिस ने बताया कि बचाव अभियान जारी है, अभी भी कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। यह एक पुरानी इमारत थी, जो जर्जर हो गई थी और अचानक भरभराकर गिर गई। इस छह मंजिला इमारत में 35 कमरे थे, इसमें 5-7 परिवार जान जोखिम में डालकर रह रहे थे। इस पूरी बिल्डिंग की मालकिन एक विदेशी महिला है ।


इमारत के ढहने से करीब 15 लोगों के घायल होने की भी खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इमारत के ढहने की सूचना पाकर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इमारत गिरने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। कहा जा रहा है कि भारी बारिश के चलते जर्जर हो चुकी इमारत भरभराकर गिर गई।

Previous Post Next Post