दिल्‍ली भाजपा कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्‍ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की गई

 नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ दिल्‍ली भाजपा कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्‍ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में थी। दिल्‍ली प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रारंभिक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार के कथित भ्रष्टाचार के जवाब में दिल्‍ली की जनता ने लोकसभा की सातों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवारों को विजयी बनाया है। उन्‍होंने कहा कि दिल्‍ली में चुनाव के दौरान दो नाकाम दलों ने गठबंधन बनाया था, जिन्होंने अपने हितों को देखते हुए चुनाव लड़ा था और इसलिए उनकी हार हुई है। 



सचदेवा ने कहा कि दिल्‍ली की जनता ने दिखा दिया है कि वे भ्रष्टाचार के साथ नहीं बल्कि सच्‍चाई के साथ हैं। उन्‍होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में कड़ी मेहनत करने और भ्रष्‍टाचार में लिप्‍त आम आदमी पार्टी की सरकार को हराने की अपील की। बैठक में केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता पीयूष गोयल, पार्टी सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह विधूड़ी, बांसुरी स्वराज और अन्‍य नेता उपस्थित थे। 


केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले दस वर्षों में किए गए कार्यों के कारण लोगों ने राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एन डी ए सरकार को तीसरे कार्यकाल के लिए जनादेश दिया है। दिल्‍ली भाजपा की कार्यकारी बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि मोदी सरकार ने विभिन्‍न योजनाओं को कार्यान्वित करके देश का कायाकल्‍प कर दिया है। 


गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने तीसरे कार्यकाल में देश में तिगुने विकास करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस की आलोचना करते हुए गोयल ने कहा कि देश के लोगों ने हाल के चुनावों में विपक्ष को नकार दिया है। इससे पहले, दिल्‍ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि लोगों ने हाल के चुनावों में राष्‍ट्रीय राजधानी में लोकसभा की सभी सात सीटों पर भाजपा को जीत दिलाई है। यह जीत अरविंद केजरीवाल की नेतृत्‍व वाली सरकार के कथित भ्रष्‍टाचार के प्रति एक प्रतिक्रिया है। इस बैठक में भाजपा के सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधुड़ी और पार्टी के अन्‍य नेता भी उपस्थित थे।


Previous Post Next Post