युद्ध की आग से झुलसा विमानन क्षेत्र: एयर इंडिया के बाद अब इंडिगो ने भी बढ़ाई टिकट की दरें
मिडिल ईस्ट जारी जंग के बीच देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने फ्लाइट टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है. जंग की वजह से एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) के दाम 85 फीसदी से ज्यादा बढ़ गए. कंपनी ने ऐलान किया है कि 14 मार्च 2026 से सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज लगाया जाएगा. यह चार्ज आज रात 12 बजकर 1 मिनट से लागू होगा और सभी नई बुकिंग पर लागू रहेगा. फ्लाइट टिकट की कीमतों में 425 रुपये से 2300 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है.
कितना बढ़ा किराया?
14 मार्च, 2026 से भारत के भीतर के उड़ानों पर 425 रुपया ज्यादा देना होगा. इंडियन सबकॉन्टिनेंट बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव के लिए लिए भी फ्यूल चार्ज के तौर पर 425 रुपये वसूले जाएं. मडिल ईस्ट की यात्रा के लिए 900 रुपया, दक्षिण पूर्व एशिया, चीन, अफ्रीका और पश्चिम एशिया की यात्रा के लिए 1800 रुपया, यूरोप की यात्रा के लिए 2300 रुपया बढ़ाया गया है.
एयरलाइन ने क्या कहा?
IndiGo का कहना है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से ATF के दाम में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिस वजह से ये निर्णय लिया गया है. IATA के Jet Fuel Monitor से भी इसकी पुष्टि हुई है. एयरलाइन ने कहा कि ATF उनके ऑपरेशन की सबसे बड़ी लागत है और इस अचानक बढ़ोतरी का असर पूरे नेटवर्क पर पड़ रहा है. इससे पहले एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस भी टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लागू करने का ऐलान कर चुकी हैं.
कंपनी ने कहा, 'अगर ईंधन की बढ़ी कीमतों का पूरा असर टिकट किराए पर डाला जाता तो किराया काफी ज्यादा बढ़ाना पड़ता, इसलिए यात्रियों पर बोझ कम रखने के लिए अपेक्षाकृत कम राशि का ईंधन शुल्क लगाया गया.'

