हर्षित राणा की चोट ने बढ़ाई शाहरुख खान की टेंशन
इंडियन प्रीमियर लीग का 2026 सीजन शुरू होने से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स को बहुत बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हर्षित चोट के कारण IPL 2026 में नहीं खेल पाएंगे. उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 4 करोड़ रुपये की रकम में रिटेन किया था.
हर्षित राणा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्मअप मैच में चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर होना पड़ा था. अभी तक KKR ने उनका कोई रिप्लेसमेंट घोषित नहीं किया है. शुक्रवार को कोलकाता टीम ने जिम्बाब्वे के घातक गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपनी टीम में शामिल किया है. संभव है कि कोलकाता के स्क्वाड में मुजरबानी ही हर्षित की जगह लेते दिखेंगे.
आंद्रे रसेल की रिटायरमेंट के बाद हर्षित राणा का आईपीएल 2026 से बाहर होना केकेआर के लिए बहुत बड़ा झटका है. खासतौर पर डेथ ओवरों में गेंदबाजी के दृष्टिकोण से टीम की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं. टीम में मथीशा पाथिराना हैं, जिन्हें KKR ने नीलामी में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था.
ब्लेसिंग मुजरबानी की बात करें तो वो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक रहे. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 13 विकेट लिए थे. कोलकाता नाइट राइडर्स टीम को उम्मीद होगी कि मुजरबानी, हर्षित राणा की भरपाई कर पाएंगे.
बताते चलें कि कोलकाता नाइट राइडर्स 14 मार्च को अपनी नई जर्सी लॉन्च कर सकती है. वहीं BCCI द्वारा जारी हुए 20 मैचों के शेड्यूल अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स का IPL 2026 में पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के साथ होगा. हर्षित ने पिछले सीजन यानी IPL 2025 में 13 मैच खेलकर कुल 15 विकेट लिए थे.

