डोनाल्ड ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान, ईरान स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज खोलने के लिए सहमत
मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान कर दिया है. ट्रंप ने मंगलवार (7 अप्रैल) को घोषणा की कि अमेरिका ईरान के साथ दो सप्ताह के संघर्ष विराम के लिए सहमत हो गया है. उनका यह बयान ऐसे समय में आया, जब कुछ ही घंटों पहले उन्होंने ईरान पर बड़ा हमला करने और पूरी सभ्यता को खत्म कर देने की चेतावनी दी थी. सीजफायर कराने में पाकिस्तान का भी अहम रोल रहा. जिसका जिक्र ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया. वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का धन्यवाद दिया.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'मैं ईरान पर बमबारी और हमले को दो सप्ताह की अवधि के लिए स्थगित करने पर सहमत हूं. यह एक द्विपक्षीय युद्धविराम (Ceasefire) होगा.'
ट्रंप ने कहा, 'जैसा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत और उनके अनुरोध पर कि मैं आज रात ईरान की ओर भेजी जा रही विनाशकारी सैन्य शक्ति को रोक दूं और इस शर्त पर कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह और तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत है.'
ट्रंप ने कहा, 'ऐसा करने का कारण यह है कि हम पहले ही सभी सैन्य उद्देश्यों को पूरा कर चुके हैं और उनसे आगे बढ़ चुके हैं, और हम ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति तथा मध्य पूर्व में शांति के लिए एक ठोस समझौते के काफी करीब पहुँच चुके हैं.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं ईरान की ओर से 10 बिंदुओं का एक प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, और हमें विश्वास है कि यह बातचीत के लिए एक व्यवहार्य आधार है. अतीत के लगभग सभी विवादित मुद्दों पर अमेरिका और ईरान के बीच सहमति बन चुकी है, लेकिन यह दो सप्ताह की अवधि समझौते को अंतिम रूप देने और उसे पूरा करने के लिए आवश्यक है.
'संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में, और साथ ही मध्य पूर्व के देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए, इस दीर्घकालिक समस्या के समाधान के करीब पहुँचना मेरे लिए सम्मान की बात है.'
अराघची ने शहबाज-मुनीर को दिया धन्यवाद
अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सीजफायर में अहम रोल निभाने के लिए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का धन्यवाद दिया. ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा, 'ईरान की ओर से मैं अपने प्रिय भाइयों पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के उनके अथक प्रयासों के लिए आभार और प्रशंस करता हूं.'
अराघची ने कहा, 'प्रधानमंत्री शरीफ के ट्वीट में किए गए भाईचारे के अनुरोध के जवाब में और अमेरिका के 15-बिंदु प्रस्ताव के आधार पर बातचीत के अनुरोध और अमेरिकी राष्ट्रपति के ईरान के 10-बिंदु प्रस्ताव के सामान्य ढांचे को वार्ता के आधार के तौर पर स्वीकार करने की घोषणा को ध्यान में रखते हुए मैं ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से यह घोषणा करता हूं कि अगर ईरान के खिलाफ हमले रोक दिए जाते हैं, तो हमारी शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएं अपनी रक्षात्मक कार्रवाइयां बंद कर देंगी. साथ ही दो सप्ताह के लिए स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से सुरक्षित आवागमन संभव होगा.'

