PM मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान से किया गया सम्मानित

 PM मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान से किया गया सम्मानित
पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में स्वीडन के गोथेनबर्ग पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन की सरकार ने रविवार (17 मई, 2026) को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया है. यह किसी भी देश के प्रमुख (Head of Government) को दिया जाने वाला स्वीडन का सर्वोच्च और प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है. इस सम्मान के साथ ही पीएम मोदी को अब तक कुल 31 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जो दुनिया के अलग-अलग देशों की तरफ से उन्हें दिए गए सर्वोच्च नागरिक और राजकीय सम्मानों में शामिल हैं.




स्वीडन संग रिश्तों को तकनीक आधारित आर्थिक साझेदारी में बदलना है उद्देश्य
पीएम मोदी के स्वीडन दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और स्वीडन के द्विपक्षीय संबंधों को एक ज्यादा संगठित और तकनीक-आधारित आर्थिक साझेदारी में बदलना है. प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का केंद्र स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टिर्सन (Ulf Kristersson) के साथ उच्चस्तरीय बातचीत, स्वीडिश बिजनेस जगत के प्रमुख लोगों से मुलाकात और भारत की ग्रीन एनर्जी ट्रांजिसन, डिजिटल इनोवेशन और डिफेंस-टेक्नोलॉजी एजेंडों में स्वीडन को एक प्रमुख नॉर्डिक साझेदार के रूप में स्थापित करना रहेगा.

भारतीय समुदाय के लोगों ने एयरपोर्ट पर पीएम का किया भव्य स्वागत
पीएम मोदी शनिवार और रविवार (17-18 मई, 2026) के दो दिवसीय यात्रा पर स्वीडन पहुंचे हैं. स्वीडन के गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का बंगाली परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया. इसके साथ ही, विदेशी छात्राओं ने पीएम मोदी के स्वागत में भरतनाट्यम की भी प्रस्तुति दी.

भारतीय समुदाय के लोगों के स्वागत से अभिभूत पीएम मोदी ने X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट शेयर किया. उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘बंगाली संस्कृति की लोकप्रियता पूरी दुनिया में देखने को मिलती है और स्वीडन भी इससे अछूता नहीं है. सामुदायिक स्वागत के दौरान भव्य और समृद्ध बंगाली संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली, जिसमें स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टिर्सन भी मौजूद थे.’

Previous Post Next Post