लखनऊ में ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल के मौके पर हनुमान मंदिरों में बड़ी संख्या में पहुँच रहे श्रद्धालु

 लखनऊ : मंगलवार, मई 28, 2024/ ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल के अवसर पर राजधानी  लखनऊ में सुबह से


ही भक्तों की भीड़ हनुमान मंदिरों में बजरंगबली का दर्शन-पूजन करने के लिए जुट रही है। राजधानी के हनुमान सेतु मंदिर, अलीगंज हनुमान मंदिर, डालीगंज पुल के पास गोमती नदी के किनारे पर स्थित लेटे हनुमान मंदिर, कलेक्ट्रेट स्थित श्रीराम मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों में भक्त बजरंगबली को चोला चढ़ाकर अपने परिवार के लिए समृद्धि और आरोग्य की प्रार्थना कर रहे हैं। इस मौके पर राजधानी के कई इलाकों में जगह-जगह भंडारे का आयोजन भी लोगों की तरफ से किया गया है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर ट्वीट कर प्रदेश वासियों के लिए हनुमानजी से मंगलकामना की है और सभी को शुभकामनाएं भी दी हैं।      

लखनऊ में आज ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल के मौके पर हनुमान मंदिरों में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात मार्ग में परिवर्तन किया है। लखनऊ में आज के अलावा 4 जून, 11 जून और 18 जून को बड़ा मंगल मनाया जाएगा। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल को लखनऊ के विभिन्न हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ती है। खासकर  पुराने हनुमान मंदिर अलीगंज और हनुमान सेतु मंदिर में विशाल मेले का आयोजन होता है। साथ ही अलग अलग जगहों पर भक्त भंडारों का आयोजन भी करते हैं। इसको देखते हुए चारों बड़े मंगल पर लखनऊ में यातायात मार्ग में परिवर्तन रहेगा। 

एसीपी यातयात ने बताया कि सीतापुर रोड की ओर से आने वाले भारी वाहन, रोडवेज एवं सिटी बसें पुरनिया रेलवे क्रासिंग और डालीगंज रेलवे क्रासिंग से कपूरथला और आईटी चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगी बल्कि पक्का पुल या इन्जीनियरिंग कालेज चौराहे से टेढ़ी पुलिया, वायरलेस चौराहा महानगर और सिकन्दरबाग होकर अपने गन्तव्य को जाएंगी।


Previous Post Next Post