भोपाल में संकल्प वृद्धाश्रम का हुआ शुभारंभ, मंत्री सारंग बोले- बड़ों की सेवा हमारा परम धर्म होना चाहिए




भोपाल। राजधानी भोपाल में संकल्प वृद्धाश्रम का शुभारंभ शुक्रवार को नगर के वरिष्ठजनों के साथ प्रदेश के खेल, युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग व अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की माताजी सीतादेवी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर वरिष्ठजन मनोचिकित्सक डा. आरके पचौरी, विठलेश सेवा समिति की ओर से समीर शुक्ला, जितेन्द्र तिवारी और मनोज दीक्षित मामा भी उपस्थित थे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, नई दिल्ली के सहयोग से संकल्प वृद्धाश्रम का शुभारंभ भोपाल के अवधपुरी क्षेत्र में शुक्रवार को संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आईपीओपी योजना अंतर्गत जिला भोपाल में वृद्धाश्रम केंद्र की स्थापना हेतु संकल्प संस्था का चयन किया गया है। उद्घाटन अवसर पर अपने उद्बोधन में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि बड़ों की सेवा करना हमारा परम धर्म होना चाहिए। वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य सुविधा से लेकर तमाम प्रकार की सुविधाएं बुजुर्गो को यहां मिल सकेंगी।

शुभारंभ के साथ ही वृद्धजनों को दिया गया प्रवेश

वृद्धाश्रम केंद्र में वृद्धजनों का वरिष्ठजनों ने पुष्पहार एवं तिलक लगाकर स्वागत किया। सभी वृद्धजनों से मंत्री सारंग ने कहा कि उन्हें यहां किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।

 विशेष अतिथि श्रीमती सीता मिश्रा ने कहा कि वृद्धों की सेवा करने का कोई भी अवसर नहीं खोना चाहिए।असहाय और गरीबों के लिए किया गया दान कभी निष्फल नहीं जाता। निस्वार्थ भाव से की गई मानव सेवा, सम्मान का हकदार बनाती है। उन्होंने कहा कि संकल्प वृद्धाश्रम के संचालक राहुल सिंह, संस्थापक वीपी सिंह, विमला सिंह और  निशा सिंह ने राजधानी के पास सीहोर में भी आश्रम की संस्थापना की है, इस आश्रम में करीब दो दर्जन से अधिक बुजुर्गों को नियमित रूप से भोजन, उपचार सहित सभी सुविधा मिल रही है। किसी भी प्रकार का कष्ट इन बुजुर्गों को नहीं है। अभी यह केंद्र किराए के भवन में है, लेकिन आगामी दिनों में यह भव्य भवन में शिफ्ट हो जाएगा।

वृद्धाश्रम में रहने वाले हर किसी की अपनी अलग कहानी है

- विशेष अतिथि मिश्रा ने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले हर किसी की अपनी एक अलग कहानी है, कुछ लोग जहां उनको अकेला छोडने के लिए पूरी तरह अपने बच्चों को जिम्मेदार ठहराते हैं वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे भी हैं जो इसे होनी का नाम दे देकर दूर से ही सही उन्हें मन ही मन आशीर्वाद देते हैं। हम सभी को ऐसा प्रयास करना चाहिए कि हमारे घर के बुजुर्गो को वृद्धाश्रम की आवश्यकता नहीं पड़े। इस मौके पर संचालक राहुल सिंह ने कहा कि हमारी सदा यही मंशा रही कि सभी जन अपने परिवार के साथ घर पर ही सुखपूर्वक रहे। लेकिन आज का माहौल खराब है लोग त्रस्त हैं, परेशान है घरहीन है। अत: ऐसे लोगों के लिए ही हमने यह व्यवस्था करी है ताकि लोग यहाँ आएं और सुख पूर्वक रह सके।

इस मौके पर एमजीएम स्कूल के बच्चों द्वारा स्वागत गीत गायन हुआ।वृद्धाश्रम का शुभारंभ-वरिष्ठजनों की उपस्थिति में वृद्धाश्रम का शुभारंभ किया। डॉ  आरके बैरागी,(मनोचिकित्सक) डीआईजी जेल श्री एमआर पटेल, पार्षद श्री राव, श्री अशोक वाणी आदि उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post