देवी भागवत में राम चरित मानस के चरित्रों का वर्णन
भोपाल(नप्र)। पखारो इनके चरणों को मेरे सरकार आए हैं...रामलला के आगमन से भारत के धार्मिक स्वर्णिम युग की शुरुआत हो गई है। इस ऐतिहासिक पल से हर सनातनी का हृदय प्रफुल्लित है। यह बात हबीबगंज मां दुर्गा मंदिरों में चल रही श्रीमद् देवी भागवत कथा में शशांक शेखर महाराज ने कही। बीते चार दिनों से देवी भागवत कथा की रस गंगा बहा रहे हैं। चौथे दिवस की कथा में संक्षिप्त रामचरित मानस के प्रसंग का वर्णन किया गया। राम जन्म से लेकर सीता स्वयंवर, रामवन गमन, लंका विजय समेत विभिन्न अध्यायों का वर्णन किया गया। इसके साथ ही राम दरबार की सुंदर झांकी सजाई गई। राम दरबार की छवि सबको राम मंदिर के निर्माण और राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा के लिए उत्साहित कर रही थी। इसी उत्साह और उमंग में भक्तों ने खूब आनंद लिया। जय श्री राम के नारों से पंडाल गुंजायमान हो गया।